राष्ट्रीय दलों के चंदे में 420 करोड़ की कमी

भाजपा के चंदे में 39.23 तो कांग्रेस के चंदे में 46.39 फीसदी गिरावट

नई दिल्ली (ब्यूरो)। देश के राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के चंदे में बीते दो साल में 420 करोड़ से ज्यादा की कमी आई है। इसमें भी भाजपा के चंदे में 39.23 तो कांग्रेस के चंदे में 46.39 फीसदी की गिरावट आई है।
देश के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को वित्त वर्ष 2020-21 में मिले चंदे में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 420 करोड़ रुपए से अधिक की गिरावट आई है जो 41.49 फीसदी है।

चुनावों से संबंधित विश्लेषण करने वाले समूह एडीआर ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2020-21 के शुरू होने से कुछ दिन पहले ही कोविड महामारी की पहली लहर आई थी और देशभर में पूर्णबंदी लगाई गई थी। इस रिपोर्ट में नेशलन पीपुल्स पार्टी को नहीं जोड़ा गया है क्योंकि इस पार्टी की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। द एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंदे में 39.23 फीसद की गिरावट आई जो 2019-20 में 758.77 करोड़ रुपए से गिरकर 2020-21 में 477.54 करोड़ रुपए रह गया।

कांग्रेस को मिले चंदे में 46.39 फीसद की गिरावट आई जो 2019-20 में 139.016 करोड़ रुपए से गिरकर 2020-21 में 74.524 करोड़ रुपए रह गया। जबकि 2018-19 से 2019-20 के बीच कांग्रेस का चंदा 6.44 फीसद घट गया था। राष्ट्रीय दलों को दिल्ली से कुल 246 करोड़ रुपए, महाराष्ट्र से 71.68 करोड़ रुपए तथा गुजरात से 47 करोड़ रुपए से अधिक का चंदा मिला था।

रिपोर्ट में बताया गया है कि राष्ट्रीय दलों द्वारा अधूरी जानकारी देने की वजह से 6.39 फीसद यानी 37.912 करोड़ रुपए किसी राज्य या संघ शासित प्रदेश की सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।

You might also like