Sulemani Chai: मीठे सेठ के घर कड़वी शादी…छुरी की धार पर सूरी की सियासत..!

मीठे सेठ के घर कड़वी शादी…

पिछले दिनों शहर में शाही शादियों के लिए मशहूर मीठा सेठ के परिवार में शादी हुई। सूत्रों की माने तो शादी में करीब 10, लाख रुपये लुटाये गए जिसे लूटने , दबने या घबराहट में दिल पर ज़ोर पडऩे (अभी पुष्टि नहीं हुई)से एक व्यक्ति की मौत हो गई, इसी के साथ सेठ परिवार ने मामला दबाने में भी कई गड्डियों का इस्तेमाल किया साथ ही कई ओर भी मैनजमेंट की खबर हैं। एक तरफ ये करोड़ो की शादी जिसमें दस लाख रुपए सिर्फ लुटा दिए गए दूसरी तरफ क्या इस्लाम हमें किसी भी सूरत में इतनी खर्चीली शादी की इजाजत देता हे, बल्कि इस्लाम तो शादियों को सादगी से करने की तरफदारी करता है,क्या हमारे काजियों को इस वक्त इस्लाम नजर नहीं आता ,कि वे ऐसी शादियों में निकाह पढ़ाने से मना करे ,लेकिन उन्हें भी उस वक्त बड़े हादिये (निकाह पढ़ाने की फीस या तोहफे) की दरकार होती है। ऐसे मामलों में हमारे एक नम्बर काजी ओर दो नम्बर काजी जो अपने इक्तिलाफ़ की वजह से एक दूसरे के साथ बैठने को तैयार नहीं, इस मसले पर दोनों का मजहब सादगी की तरफदारी करता है तो क्या उनका फर्ज इस पर मनाही का फतवा न देने पर उन्हें शर्मिंदा नहीं करता ,या दोनों सिर्फ अपने फायदे के लिए अपनी दुकान चला रहे है। सुलेमानी चाय वाले का तो बस ये सवाल है कि ,क्या ये दोनों रॉन्ग नम्बर नहीं।

छुरी की धार पर सूरी की सियासत..!

मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस की सियासत में इंदौर के अमिनुल सूरी इन दिनों पूरे दमखम के साथ ताल ठोक रहे हैं। भोपाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के सामने समर्थकों की अच्छी-खासी तादाद जुटाकर अपनी मौजूदगी का एहसास भी करा आए। अब जिलों की खाक छानकर प्रदेश की सियासी जमीन नाप रहे हैं। मगर सूरी की अपनी खास अदायगी और बेबाक अंदाज कुछ बड़े नेताओं की आंखों में खटकने लगा है। लिहाजा जिस ताज को सूरी आसान समझकर देख रहे हैं, उसकी राह में कांटों की बाड़ नजर आने लगी है। अब देखना यह है कि सूरी की छुरी प्रदेश संगठन की कमान थामती है या फिर सियासत के उस्ताद इसी छुरी से सूरी की सियासी कुर्बानी का इंतजाम कर देते हैं। फिलहाल चाय की प्याली में उबाल बरकरार है और पर्दे के पीछे शतरंज की बिसात बिछी हुई है!

मोर्चे में नगर सेठ की ताजपोशी..!

प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे में रतलाम के शेरानी की दहाड़ क्या शुरू हुई, इंदौर के मोर्चे में भी ताजपोशी की सुगबुगाहट तेज हो गई। खबर है कि अगले चार से आठ दिनों में नगर सेठ के नाम का ऐलान हो सकता है। अब इस कुर्सी के लिए सियासी बिसात पर कई खिलाड़ी अपनी-अपनी गोटियां बिछा चुके हैं। एक तरफ कंपाउंडरों की पूरी टीम डॉक्टर साहब के इशारे पर मैदान संभाले हुए है, तो दूसरी तरफ विरोधी भी इस बार बिना मुकाबले मैदान छोडऩे के मूड में नहीं हैं। उधर हमारे पुराने राजाबाबू भी अपनी रिपीटेशन के लिए अंदरखाने जुगाड़ की शतरंज बिछा रहे हैं। कमाल खान भी बेटे के लिए अपने तमाम कमाल दिखा चुके हैं, लेकिन सियासत में सिर्फ कमाल दिखाने से ताज नहीं मिलता, इसके लिए आका की मेहरबानी भी जरूरी है। वहीं मंजूर अहमद को आर.के. कंपनी से जुड़ाव इस बार भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। अब देखना यह है कि नगर सेठ की पगड़ी किसके सिर बंधती है और किसका सियासी हिसाब-किताब बिगड़ता है।फिलहाल तो हर दावेदार के दरवाजे पर उम्मीदों की चाय उबल रही है और फैसला आने तक हर कोई खुद को नगर सेठ समझकर चल रहा है।

दुमछल्ला

तालीम के मरकज़ पर सियासत की नज़र!
इंदौर की आई.के. सोसायटी इन दिनों तालीम से ज्यादा सियासी और कानूनी चर्चाओं में घिरी है। सोसायटी के सिर पर रिसीवर की तलवार लटकाने के फरमान के पीछे नीचे बैठे कुछ नेताओं का अहंकार भी साफ नजर आ रहा है।
सूत्रों की मानें तो बेगम साहिबा ने निजी तौर पर सोसायटी को जमीन सौंपी थी, जिसमें वक्फ बोर्ड की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मगर सियासत के खिलाड़ियों को जहां मौका मिले, वहां अपनी चाल चलने से भला कौन रोक सकता है!
अब सवाल यह है कि तालीम के मरकज़ को कानूनी पचड़ों में उलझाकर आखिर हासिल क्या होगा? इंदौरी भाजपाइयों की यह कैसी खिदमत है, जिसमें बच्चों के मुस्तकबिल से ज्यादा सियासी अहंकार की फिक्र नजर आ रही है। फिलहाल तलवार लटकी है,,पूरे मामले में वक्फ बोर्ड का लेना देना हो न हो लेकिन नेताओं का लेना ,,,, देना तो बनता हे ।।।

 

मेहबूब कुरैशी
9977862299

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.