शहर को 24 घंटे पानी, छोटे कारोबारियों को सम्मान के साथ काम-काज करने का अवसर मिलेगा – शुक्ला
यातायात की समस्या को लेकर तैयार किया है एक रोडमेप
इंदौर। देश के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश के सबसे बड़े शहर और व्यापारिक राजधानी इंदौर का अगला महापौर कौन होगा, इसका फैसला तो 17 जुलाई को आएगा, मगर सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे संजय शुक्ला ने नागरिकों से कई ऐसे वादे किए हैं जो पूरे करना आसान नहीं होगा। शुक्ला ने कहा कि यदि वे महापौर बनते हैं तो लोगों को 24 घंटे पानी दिया जाएगा और यातायात व पार्किंग जैसी बड़ी समस्या से भी निजात मिलेगी। 30 लाख से अधिक आबादी वाले शहर में किसी भी चौराहे पर जाम नहीं लगेगा।
150 से अधिक चौराहों पर रेड सिग्नल के साथ सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इसके अलावा व्यापार, उद्योग में शहर को प्रदेश में नंबर वन बनाने की बात भी शुक्ला कह रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य में बेहतर काम के साथ निगमकर्मियों को नियमित करना, भ्रष्टाचार खत्म करना जैसे वादे भी उनकी लिस्ट में अहम हैं। शुक्ला वर्ष 2000 से निगम में काबिज रही भाजपा की परिषद की कमियों को खूब गिना रहे हैं और कोरोना काल में स्वयं द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख भी कर रहे हैं।
सरकारी स्कूलों को करेंगे बेहतर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भी सुधारेंगे
नागरिकों को संजय शुक्ला कह रहे हैं कि वे सरकारी अस्पतालों में इलाज की और बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाएंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच के अलावा दवा वितरण और अन्य सुविधाएं प्राथमिकता से दी जाएंगी। सरकार से स्वास्थ्य अमला बढ़ाने के लिए भी सतत प्रयास किया जाएगा जिससे सरकारी अस्पतालों में हर वर्ग का मरीज इलाज करवा सके। इसी तरह सरकारी स्कूलों में भी दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा दी जाएगी। स्मार्ट क्लास के अलावा रोजगारोन्मुखी शिक्षा और खेलकूद पर विशेष रूप से नगर निगम काम करेगा। सरकारी शिक्षकों को अध्यापन कार्य के अलावा अन्य कार्यों से भी मुक्ति दिलाई जाएगी।

