संजय शुक्ला 15 जून को भरेंगे नामांकन कांग्रेस ने 50 वार्डों में सिंगल नाम तय किए

आधे टिकिट युवाओं को, 20 पूर्व पार्षदों को भी उतारेंगे मैदान में

इंदौर। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस तैयारियों में इस बार भाजपा से आगे निकलती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार संजय शुक्ला ने जहां अपना प्रचार अभियान पूरी ताकत के साथ शुरू कर दिया है वहीं पिछली बार भी चुनाव का ऐलान होने के बाद वे जनसम्पर्क का एक दौर समाप्त कर चुके हैं। कांग्रेस इस बार मान रही है कि भाजपा के आपसी झगड़े और उम्मीदवारी के चयन में देरी का लाभ कांग्रेस को मिलेगा और इसीलिए 15 जून को महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला अपना नामांकन भरेंगे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी कई पूर्व मंत्रियों के साथ मौजूद रहेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस 50 वार्डों में सिंगल उम्मीदवार के साथ नाम तय कर चुकी है। 

चुनावी ऐलान के बाद अब धीरे-धीरे शहर में चुनाव की रफ्तार भी बढ़ने लगी है और इसी के चलते दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस अपने उम्मीदवारों को लेकर लगातार बैठकें कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का कहना है कि इस बार 50 प्रतिशत उम्मीदवार युवा होंगे जिनमें से कई को काम करने के लिए संकेत दे दिए गए हैं। इसके अलावा समय पर सूची जारी हो जाए, इसके लिए भी कोशिश हो चुकी है। वहीं इस बार पार्टी जिताऊ उम्मीदवार पर ही फोकस कर रही है। इसके चलते 20 से अधिक पूर्व पार्षदों को भी टिकट दिए जा रहे हंै जिनके जीतने की पूरी संभावना है। इधर महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने अपना प्रचार अभियान तेजी से शुरू कर दिया है। 15 जून को उनके साथ कई पार्षद उम्मीदवार भी नामांकन भर सकते हैं। कांग्रेस इस दिन शक्ति प्रदर्शन को लेकर भी बड़ी तैयारी कर रही है। कोशिश है कि 50 हजार से अधिक लोग वार्डों से और अलग-अलग क्षेत्रों से जोड़े जाएं। इससे शहर में एक माहौल भी बनेगा। इस दिन कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। कमलनाथ के अलावा सुरेश पचौरी और दिग्विजयसिंह की भी इंदौर पहुंचने की पूरी संभावना है। हालांकि मुहूर्त के हिसाब से एक नामांकन संजय शुक्ला पूर्व में ही जमा करवा देंगे। संजय शुक्ला को मैदान में मदद के लिए अलग-अलग छह टीमें बनाई गई हैं जो वार्ड स्तर तक अब पहुंचना शुरू हो गई है।

You might also like