22 लाख करोड़ की चीनी कंपनी होगी दीवालिया

अगले 48 घंटे बाद शेयर बाजार में चीन से सुनामी आएगी

मुंबई (दोपहर आर्थिक डेस्क)। विश्व में एक बार फिर शेयर बाजार में अगले 48 घंटे बाद बड़ी सुनामी आने वाली है। इसके पूर्व 2008 में अमेरिका की सबसे बड़ी बैंक लेहमेन ब्रदर्स के डूबने पर पूरे विश्व में एक ही दिन में 100 लाख करोड़ से ज्यादा स्वाहा हो गए थे। इस बार चीन की सबसे बड़ी रियल इस्टेट कंपनी एव्हरग्रेंड कंपनी दीवालिया होने जा रही है। यह कंपनी चीन के जीडीपी का 29 प्रतिशत हिस्सा रखती है। इसका असर विश्व के सभी बाजारों में दिखाई देगा। दो दिन पूर्व शेयर बाजारों में आई गिरावट में दुनिया के 500 बड़े अमीरों के 10 लाख करोड़ एक ही दिन में डूब गए।
पूरे विश्व के शेयर बाजारों की आंखें अगले 48 घंटे के बाद होने वाले घटनाक्रम पर टिक गई हैं। चीन की दूसरे नंबर की रियल इस्टेट कंपनी को 300 अरब डॉलर अगले दो दिनों में चीन के नए कानून के तहत चुकाने हैं। इस कंपनी का 22 लाख करोड़ का कारोबार ध्वस्त होने जा रहा है। चीन सरकार भी किसी भी प्रकार की मदद करने को तैयार नहीं है। चीन के नए नियमों के तहत अब कोई भी कंपनी कुल संपत्ति का 70 प्रतिशत ही कर्ज ले सकती है। इस कंपनी का विश्व के कई देशों में कारोबार है। कंपनी के मालिक शु जीझाइन 1996 में इस कारोबार में आए थे और उन्होंने 24 घंटों में ही 323 फ्लैट बेचकर रिकार्ड बनाया था। 2017 में वे एशिया के सबसे बड़े अमीर हो गए थे। उनके पास 45.3 मिलियन डॉलर की रकम थी। इसके बाद शु जीझाइन ने बड़ी तादाद में कर्ज लेकर बांड जारी कर दुनियाभर से रकम समेटी। पूरे चीन में 280 शहरों में 810 से अधिक प्रोजेक्ट चालू किए। इस समय वे समुद्र में 900 एकड़ पर ओशियन आईलेंड बनाने जा रहे थे, इस बीच चीन में लागू हुए नए नियमों में कोई भी कंपनी अपनी कुल संपत्ति का 70 प्रतिशत ही बाजार से उठा सकती थी, ऐसे में कई रियल इस्टेट कंपनियां जिन्होंने दूसरे कार्यों में पैसा लगा रखा था वे बिखरने लगी। कंपनी को इस साल के अंत तक 669 मिलियन डॉलर का कर्ज चुकाना है और अगले 48 घंटे में 300 अरब डॉलर का कर्ज भरना है। कंपनी के शेयर तेजी से गिर रहे हैं। बाजार में पैसा भी अब नहीं मिल रहा है। चीन सरकार किसी भी प्रकार का पैकेज देने को तैयार नहीं है। ऐसे में अब कंपनी दीवालिया होने जा रही है। दो दिन पूर्व रियल इस्टेट के शेयरों में हुई गिरावट इसकी बानगी थी।

क्या है चीन का नया कानून?
चीन के नए कानून में थ्री रेड पॉलिसी लागू की गई है। इसमें तीसरी लाइन पार होते ही सजा का प्रावधान भी है। पहली लाइन में देनदारी 70 प्रतिशत से अधिक हुई तो सभी प्रकार के मिलने वाले ऋण प्रतिबंधित हो जाएंगे। दूसरी लाइन के बाद संपत्ति कुर्क होगी, इसके बाद सजा होगी। रेटिंग ऐजेंसी फिंच ने इस कंपनी की रेटिंग बी से घटाकर ट्रिपल सी कर दी है, यानी कंपनी अब डूबना तय है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.