अब घरेलू गैस 3 माह में 800 रुपए महंगी होगी

अक्टूबर तक कीमतें बढ़कर 1600 के पार होगी

 

नई दिल्ली (ब्यूरो)। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही वृद्धि के कारण आम आदमी की कमर पहले से ही टूट रही है। अगले 10 दिनों में जहां पेट्रोल 110 के पार होगा, तो वहीं डीजल 100 रु. के पार पहुंच जाएगा। इधर अब घरेलू गैस सिलेंडर पर बड़ी मार पड़ने जा रही है। अगले तीन महीनों में गैस सिलेंडर की कीमतें दुगुनी हो जाएगी। आज 25 रु. 50 पैसे की घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि के साथ यह भी खाता खुल गया है। इसी महीने में गैस सिलेंडर के भाव 200 रु. तक बढ़ सकते हैं।
कोरोना महामारी के दौरान भीषण महंगाई ने सभी क्षेत्रों में कोहराम मचा दिया है। सामान्य किराने के सामान भी 52 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं, तो वहीं पेट्रोल-डीजल पहले से ही लगातार महंगा हो रहा है। अब इस बीच ओएनजीसी (आईल एंड नैचरल गैस कमीशन) के महाप्रबंधक सुभाष कुमार ने कहा कि घरेलू गैस की कीमतों में भी वृद्धि की जाएगी, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के साथ गैस के दाम में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम 60 प्रतिशत कीमतों में वृद्धि होना तय है। यदि इसे आधार माना जाए तो अगले तीन माह में ही घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपए से अधिक महंगा हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अक्टूबर तक देश में गैस सिलेंडर महंगे हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि ओएनजीसी गैस उत्पादक कंपनी में सबसे बड़ी सरकारी कंपनी कहलाती है। इधर आज 25.50 पैसे की वृद्धि के साथ 862 रुपए 50 पैसे का सिलेंडर हो गया है।
देश में पेट्रोल-डीजल का पुराना स्टॉक खत्म : पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि देश में पुराना पेट्रोल-डीजल का सभी स्टॉक और सौदे समाप्त हो चुके हैं, अब नई कीमत पर आयात होगा, इसका असर दिखाई देगा। इधर ओपेक देशों की आज कीमतों को लेकर फिर बैठक हो रही है।

You might also like