Indore Heavy Rain -आधी रात…पूरा शहर जलमग्न
सड़कों पर पानी नदियों की तरह बहा, कुल 33 इंच बारिश, दो माह शेष, इंदौर का कोटा पूरा
इंदौर। देश शाम से शुरू हुए भारी बारिश के दौर ने शहर को तरबतर कर दिया। आधी रात को पूरा शहर पानी से जलमग्न हो गया। सड़कों पर पानी नदियों की तरह बहा, जिसके कारण लोग रातभर परेशान होते रहे। अभी तक कुल 33 इंच बारिश हो चुकी है। वर्षा काल के दो महीने अभी बाकी है, लेकिन इंदौर का कोटा आज ही पूरा हो गया है।

प्रदेशभर में मंगलवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। इंदौर में शाम 7-8 बजे जोरदार बारिश हुई, जिसके बाद रात 10 बजे के बाद और भी बारिश का दौर तेज हो गया, जिसके कारण देखते ही देखते सड़कों पर पानी नदियों की तरह बहने लग गया। कई निचली बस्तियों में घरों में पानी भर गया। इस बारिश ने नगर निगम के सुरक्षा के सारे दावों की पोल खोल दी। कहीं सड़कें खुली है तो कहीं गड्ढे होने के कारण वाहन चालक गिरते नजर आए।
कई कारें जो सड़कों पर खड़ी थी, पानी के बहाव में जाने लग गई। लोगों के घरों में पानी भर जाने के कारण रातभर वे सो नहीं पाए। शहर में ऐसी 50 से 60 बस्तियां निचले क्षेत्रों में हैं जिनके सभी घरों में पानी भर गया। लोग इधर उधर राहत के लिए घूमते रहे।
सड़कों पर पानी होने के कारण वाहनों के पहिए थम गए और लोग घंटों तक वाहनों में ही फंसे रहे। कई इलाकों में बिजली गुल रही। मंगलवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह भी जारी रहा। इंदौर में रातभर में चार इंच पानी बरस गया। मंगलवार रात 12 बजे यशवंत सागर के तीन गेट खोले गए। उधर इंदौर में अति वर्षा को देखते हुए कलेक्टर मनीष सिंह ने बुधवार को पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित है। कलेक्टर ने स्कूल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि जो बच्चे सुबह स्कूल चले गए हैं, उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाए।


