होटल सायाजी: बचाने की कवायद पूरी, फिर कमेटी बनाई जो बतायेगी लीज शर्त का उल्लंघन हुआ है या नहीं…?
उल्लंघन के कारण ही तो लीज निरस्त की थी, बड़े आईएएस अधिकारी के दबाव में कुछ नहीं हो रहा

इंदौर।
शहर के मध्य स्थित होटल सायाजी में लीज शर्तों के उल्लंघन को लेकर एक बार फिर मामला गरम हो रहा है। हर बार की तरह इस बार भी सख्त कार्रवाई का संदेश बाजार में पहुंचा है। परंतु सूत्र बता रहे हैं कि इंदौर विकास प्राधिकरण होटल सायाजी के मामले में कुछ भी नहीं करने जा रहा है। दूसरी ओर होटल सायाजी द्वारा नियमों का उल्लंघन कर अपने यहां के बेचे गये दोनों गार्डन वापस खरीद लिये हैं। अब केवल होटल के आगे खाली प्लाट पर दुकान का निर्माण कर अलग अलग हिस्सों में ३५ व्यक्तियों को लीज शर्तों के खिलाफ बेचे जाने का मामला ही सामने बचा है। दस साल से केवल प्राधिकरण नोटिस पर ही खेल खेल रहा है। परंतु यहां पर भी कोई कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर एक बार फिर अपनी आदत के अनुसार प्राधिकरण ने कमेटी का गठन कर दिया है, जो यह बतायेगी कि होटल सायाजी के संचालकों ने उल्लंघन किया है या नहीं? जबकि दूसरी ओर छोटे छोटे प्रकरणों में पाँच हजार से अधिक भूखंडों पर भूउपयोग का उल्लंघन किया गया है। इनमे से चंद ही जो कमजोर पड़ पाये वे ही केवल अपनी जमीन से हाथ धो बैठे।
