कांग्रेस में 50 नामों पर सहमति, दोपहर बाद सूची जारी होगी, बचे 35 नामों पर अब 18 जून के बाद विचार होगा

दिग्विजयसिंह के कई नाम शामिल नहीं हो पाए, सर्वे को दी प्राथमिकता

इंदौर। कांग्रेस की सूची में 50 नामों पर सहमति के बाद आज सूची दोपहर बाद किसी भी समय जारी हो सकती है। बाकी नामों पर विचार के बाद यदि सहमति नहीं बनी तो बचे हुए नामों पर 18 जून के बाद विचार होगा। अभी सबको कांग्रेस से नामांकन भरने की छूट दी जाएगी। बाद में नाम वापसी की प्रक्रिया करवाई जाएगी। दूसरी ओर दिग्विजयसिंह के दिए गए नामों में से कई नाम पर सहमति नहीं बनने के बाद इन्हें हटा दिया गया है।

पिछले दो दिनों से चल रही मशक्कत के बाद 50 नामों पर सहमति बनने के बाद यह सूची भोपाल के लिए रवाना कर दी गई है। अब इस पर कमलनाथ स्वयं मोहर लगाएंगे। दोपहर बाद कभी भी 50 नामों का ऐलान किया जाएगा। दूसरी ओर बचे हुए 35 उम्मीदवारों का नामों में से कुछ नामों पर शाम तक सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। यदि संभव नहीं हुआ तो इन नामों पर 18 जून के बाद फैसला होगा। सभी को नामांकन भरने की छूट दी जाएगी। बाद में बी फार्म जिस उम्मीदवार को दिया जाएगा उसके अलावा बाकी नाम अपने आप ही रद्द हो जाएंगे। पहले 30 नामों पर ही सहमति बन पाई थी। दूसरी ओर पूर्व विधायक अश्विन जोशी और सुरजीतसिंह चड्ढा ने भी कुछ नामों में हेरफेर को लेकर कमलनाथ को शिकायत की है। हालांकि क्षेत्र क्रमांक 4 में इस बार कांग्रेस ने गोलू अग्निहोत्री को उम्मीदवारों के चयन में आगे कर दिया है। अगला चुनाव विधानसभा का उन्हें ही लड़ना है ऐसा कांग्रेस के बड़े नेताओं का कहना है।

You might also like