दीपावली पर अयोध्या साढ़े सात लाख दीपों से जगमग

आज सरयू नदी पर दीपदान के बाद होगी आतिशबाजी, बनेगा नया रिकॉर्ड

अयोध्या। दीप ज्योति के पर्व पर आज रूपचौदस के दिन शाम को सरयू नदी पर दीपदान के साथ ही पूरे अयोध्या में साढ़े सात लाख दीप जलाने का विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। इस बार अयोध्या में रामनगरी को त्रेता युग की तरह सजाया गया है।
सरयू किनारे रामकथा पार्क में बुधवार दोपहर पुष्पक विमान स्वरूप हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण उतरेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रीगण और संत-धर्माचार्य दीप सजाकर प्रभु की अगवानी करेंगे। इसके बाद वे गुरू वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। सीएम रामलला के दरबार भी जाएंगे इसके बाद सीएम, राज्यपाल सहित कई मंत्री मां सरयू की भव्य आरती भी उतारेंगे। यहां लेजर शो, दीपों की माला के साथ रंग-बिरंगी अयोध्या स्वर्ग की भांति दिखेगी। राम की पैड़ी के 32 घाटों पर कीर्तिमान बनाने को नौ लाख दीप जलाकर साढ़े सात लाख दीप एक साथ 40 मिनट में जलाने और पांच मिनट तक जलते रहने का नया विश्व कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य अवध के 12 हजार युवा साधेंगे। 2017 से शुरू हुए दीपोत्सव ने हर साल नए कीर्तिमान गढ़े हैं। गिनीज बुक की टीम हर साल बन रहे रिकॉर्ड की साक्षी रही है। इस बार एक नए रिकॉर्ड की साक्षी बनने के लिए गिनीज बुक की टीम अयोध्या पहुंच चुकी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.