देश को महंगाई और बेरोजगारी के जाल में मोदी ने उलझाया

सिंधिया कोप भवन में उनके मंत्री सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी- सज्जन वर्मा

 Sajjan Verma
Sajjan Verma

इंदौर/नीमच (विष्णु चंद्रवंशी)। कांग्रेस अब अपनी चुनावी तैयारियों को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद और तेजी से पूरा करेगी। संगठन में कसावट लाने के लिए मंडल, सेक्टर व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा देश में समरसता का वातावरण बना रही है।

आज पूरा भारत हिन्दू-मुसलमान के साम्प्रदायिक रंग में रंगने के लिए भाजपा और संघ ने घिनौना प्रचार चला रखा है। पूरे देश में नकारात्मकता का माहौल बन गया है। मंदिर-मस्जिद और हिन्दू-मुसलमान की बात हो रही है जबकि देश महंगाई और बेरोजगारी के जाल में बुरी तरह फंस गया है। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कही।

एक बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सदैव एक ही उद्देश्य रहा कि सबको सम्मान मिले और युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिले। ऐसे में लंबे समय से बेरोजगारी और महंगाई में पूरा देश पिछले आठ सालों से उलझा हुआ है। सबसे ज्यादा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इसके शिकार हुए हैं। भारत जोड़ो यात्रा ने पूरे देश में एक विश्वास पैदा किया है। लोग खुद चलकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो रहे हैं और एक-एक लाख लोगों का मध्यप्रदेश में यात्रा में शामिल होना बता रहा है कि लोगों के मन की बात अब सुनी जा रही है।

Also Read – BJP Indore Leaders: दिग्गज नेताओं के पास काम नहीं, आयोजनों में मेहमान की भूमिका

कांग्रेस की सरकार ने किसानों के कर्ज माफी का ईमानदार प्रयास शुरू किया था पर भ्रष्ट और बिकने वाले विधायकों ने अपने लाभ के लिए सरकार गिरा दी। आपने सिंधिया को लेकर दावा किया कि इस समय सिंधिया का भाजपा में कोई उपयोग नहीं कर रहा है। उन्हें गुजरात और हिमाचल में भी प्रचार के लिए नहीं भेजा गया है। वे इन दिनों कोपभवन में आराम कर रहे हैं।

उन्हें मालूम पड़ गया है कि भाजपा के ताजा सर्वे में उनके तमाम समर्थक जो सरकार गिराकर भाजपा में शामिल हुए थे उनकी दुकानें बंद होने वाली है। सर्वे में संघ और भाजपा ने पाया कि सिंधिया समर्थक सभी मंत्री भयानक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और इसके प्रमाण भी भाजपा को मिल चुके हैं, इसलिए सिंधिया को अब भाजपा में कोई सम्मान नहीं मिलेगा। (Sajjan Verma)

दूसरी ओर उनके खास समर्थक नरेंद्र सलूजा के भाजपा के जाने को लेकर उन्होंने कहा कि कई साल बाद उसके ज्ञान चक्षु खुल गए हैं। वैसे भी वह कांग्रेस की बजाए कमलनाथ का काम ही देखता था। इसके पूर्व भी उनकी हरकतों के कारण ही उन्हें कमलनाथ ने अपने यहां से हटा दिया था। माफी मांगने के बाद फिर उन्हें जगह दी गई। अच्छा होगा नरेंद्र सलूजा को भाजपा मंत्री पद देकर उनके बेहतर बुद्धि का उपयोग करके देख ले।

You might also like