अग्निपथ के विरोध में भारत बंद, ट्रेनें रोकी, वाहन फूंके
बिहार-झारखंड में हाई अलर्ट, पांच दिन से ट्रेने नहीं चलने से यात्री परेशान, रेलवे को भारी नुकसान
नई दिल्ली (ब्यूरो)। अग्निपथ सेना भर्ती योजना के विरोध में आज पांचवे दिन भारत बंद का आव्हान किया गया है, जिसके कारण बिहार-झारखंड में तोड़फोड़ हो रही है। कई जगह ट्रेनें रोकने की घटनाएं हुई है। पिछले पांच दिनों से आंदोलन के चलते ट्रेनें नहीं चलने से लाखों यात्री परेशान हो रहे हैं, जिसके कारण रेलवे को भी करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। खासकर बिहार और झारखंड में हाई अलर्ट जारी कर दिया है वहीं सरकार और सेना इस फैसले को वापस लेने को तैयार नहीं है।
देश की सेना साफ कर चुकी है कि अग्निपथ योजना वापस नहीं होगी। इसके बावजूद सोमवार को कुछ संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है। सोशल मीडिया के जरिए भारत बंद की अपील की गई है। इसे देखते हुए बिहार, झारखंड, पंजाब समेत अन्य राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट बंद है। मुजफ्फरपुर में धारा 144 लगी है और अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट बंद किए गया है। यहां 6 कोचिंग सेंटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक पूरे बिहार से कुल 804 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आज भी 300 से अधिक ट्रेन रद्द रहेंगी। पंजाब में भी अलर्ट है। झारखंड के रांची में आज स्कूल बंद हैं। वहीं नोएडा में भी पुलिस सख्त है।

