न्यूयॉर्क ने घोषित किया स्वास्थ्य आपातकाल

यूरोप के साथ अमेरिका में भी पसारे पैर

वॉशिंगटन। मंकीपॉक्स संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच न्यूयॉर्क में जन स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। दुनिया में यूरोप के साथ-साथ अमेरिका में भी मंकीपॉक्स संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। न्यूयॉर्क में इसका असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है।


न्यूयार्क के मेयर एरिक एडम्स व स्वास्थ्य आयुक्त अश्विन वासन ने बताया कि यहां 1.50 लाख से भी अधिक नागरिकों को संक्रमण का जोखिम है। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, न्यूयार्क में बीते शुक्रवार तक 1,345 मामले दर्ज किए गए हैं।

कैलिफोर्निया 799 के साथ दूसरे स्थान पर था। बीते 23 जुलाई को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मंकीपॉक्स को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था।

यह बीमारी मध्य और पश्चिम अफ्रीका के कुछ हिस्सों में दशकों से है, लेकिन यह बाहर इतने व्यापक रूप से नहीं फैली थी। भारत में अब तक मंकीपॉक्स संक्रमित चार मरीज सामने आए हैं। इन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

80 देशों में मंकीपॉक्स के 22000 से अधिक मामले

डब्ल्यूएचओ के अनुसार इस साल मई के बाद से 80 देशों में मंकीपॉक्स के 22,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें से लगभग 75 संदिग्ध मौतें अफ्रीका के नाइजीरिया व कांगो में हुईं। ब्राजील, स्पेन ने भी मंकीपॉक्स से जुड़ी मौतों की सूचना दी।

You might also like