मध्यप्रदेश भारी बारिश से सराबोर

गुजरात में 24 घंटे में 93 लोगों की मौत, महाराष्ट्र में अब तक 100 से ज्यादा मृत

 

नई दिल्ली (ब्यूरो)। देशभर में लगातार पांच दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में गुजरात में 93 लोगों की मौत हो गई वहीं महाराष्ट्र में 48 घंटे में 100 से ज्यादा लोग मौत के शिकार हो गए हैं। 20 से ज्यादा राज्यों पर बारिश के कारण चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। मध्यप्रदेश के 40 से ज्यादा जिले भारी बारिश से सराबोर हो गए हैं। मालवा-निमाड़ के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, खंडवा, खरगोन, धार, झाबुआ, होशंगाबाद समेत कई जिलों में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। नर्मदा और शिप्रा का जलस्तर बढ़ गया है।


देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। गुजरात के कई इलाके भीषण बाढ़ की चपेट मे हैं। यहां के आठ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। दो बांधों से पानी ओवरफ्लो होने के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर बढ़ गया हैं। वहीं मुंबई की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा डांग और कच्छ में भी दो नेशनल हाईवे बंद करने पड़े हैं।

महाराष्ट्र के पालघर, पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में आज येलो अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण देर रात चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की कुल 14 टीमें और 6 एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक 7,963 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण वर्धा नदी उफान पर है। इस कारण महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। चंद्रपुर शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

You might also like