वाट्सऐप ने 18 लाख से अधिक भारतीय खातों पर प्रतिबंध लगाया
हेट मैसेज और भ्रमित जानकारी लगातार देने पर

नई दिल्ली (ब्यूरो)। वाट्सऐप ने मार्च में 18.05 लाख भारतीय खातों पर प्रतिबंध लगा दिया। यह कार्रवाई उपयोगकर्ताओं से मिली शिकायतों और इस मंच पर सेवा शर्तों के उल्लंघन को रोकने के लिए आंतरिक व्यवस्था के तहत की गई है। अब लगातार व्हाट्सअप पर हेट मैसेज और भ्रमित जानकारी पर नजर रखी जा रही है।
सोशल मीडिया कंपनी की मासिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। 2021 में लागू हुए नए सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) नियमों के तहत 50 लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं वाले डिजिटल मंच के लिए हर महीने अनुपालन रिपोर्ट प्रकाशित करनी जरूरी है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक एक से 31 मार्च, 2022 के बीच वाट्सऐप ने 18.05 लाख भारतीय खातों के दुरुपयोग की जानकारी सामने आने पर इन पर प्रतिबंध लगाया है। भारतीय खातों की पहचान +91 फोन नंबर के जरिए की गई।