हफ्ते भर में कोरोना डबल, 12 राज्यों में अचानक केस बढ़े

मोदी ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, शंघाई में रेकॉर्ड मौतें

नई दिल्ली। देश के कम से कम 12 राज्यों में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। पिछले हफ्ते तक बढ़े केसेज वाले राज्यों की संख्या सिर्फ तीन थी। कोविड की खराब होती स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाएं कि रविवार को खत्म हुए सप्ताह में मामलों की संख्या पिछले हफ्ते के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई।
18-24 अप्रैल के बीच भारत में 15,700 कोरोना केस दर्ज हुए। इससे पहले वाले सप्ताह में 8,050 केस आए थे मतलब इस हफ्ते 95 फीसदी केस बढ़े। इनमें दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा मामले आए। 11 हफ्तों तक लगातार केस घटने के बाद पिछले दो हफ्तों से मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना की चिंताजनक स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अप्रैल को हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। उधर, चीन के शंघाई में एक दिन में रेकॉर्ड 39 मौतें दर्ज की गई हैं। वहां कोविड ग्रस्त इलाकों की नाकेबंदी कर दी गई है। भारत में पिछले सप्ताह (11-17 अप्रैल) सबसे ज्यादा केस दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आए थे। इन तीन राज्यों के आंकड़ों में ही इजाफा देखा गया था मगर इस हफ्ते (18-24 अप्रैल) नौ और राज्यों में केस बढ़ गए हैं। इनमें केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और पंजाब शामिल है।

कोरोना संक्रमित महिला की मौत वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके थे
जबलपुर में कोरोना संक्रमित 77 साल की महिला की मौत हुई है। महिला रीढ़ की हड्डी, हार्ट, ब्रेन स्टोक, लीवर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं। कोविड संक्रमित जरूर थी, लेकिन सिम्पटम्स नहीं थे। हार्ट में भी इंफेक्शन नहीं था। ब्रेन स्ट्रोक होने पर परिजन ने उन्हें 18 अप्रैल को शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके थे। अस्पताल में कोविड टेस्ट कराया गया। 21 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज के कोविड वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज में कोविड प्रभारी रह चुके डॉ. संजय भारती के मुताबिक महिला को ब्रेन स्ट्रोक के चलते लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था।
कौन से राज्य से कितने केस आए : साप्ताहिक आंकड़े देखें तो सबसे ज्यादा मामले दिल्ली से आए। वहां पिछले सप्ताह के 2,307 मामलों की तुलना में इस सप्ताह 6,326 केस दर्ज हुए। हरियाणा से 2,296 केस मिले जबकि यूपी से 1,278 मामलों का पता चला। इन दोनों राज्यों के आंकड़े पिछले सप्ताह से दोगुने हो गए हैं। इस हफ्ते देश के लगभग दो-तिहाई केस इन्हीं तीन राज्यों से आए।

You might also like