यूक्रेन के कई शहर तबाह, अभी भी हमले जारी

यूक्रेन राष्ट्रपति ने कहा जिन्होंने भरोसा दिया उन्होंने साथ नहीं दिया

कीव। आज लगातार तीसरे दिन भी रूसी सेना के भयावह हमले से यूक्रेन के कई शहर दहल रहे हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव पर लगातार हमले जारी हैं। रूस की ओर से दागी गई 160 से ज्यादा मिसाइलों से राजधानी कीव की हालत किसी उजड़े हुए शहर जैसी हो गई है। दहशत में जी रहे लोग सबवे, खाई और मेट्रो स्टेशनों में छिपे रहे। साथ ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी कीव के बाहर पहुंच गई है और राजधानी कीव के बाद जोरदार गोलीबारी चल रही है।
रूस के भयावह हमले में यूक्रेन के कई शहर बुरी तरह से तबाह हो गए हैं। खार्किव शहर में मुख्य चौराहे पर कई इमारतें नष्ट हो गईं। मारुपोल शहर में सैन्य अड्डे के आसपास कई इमारतें और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। ओडेसा शहर के तेल केंद्र भी आग की लपटों में घिरे भयावह मंजर देखे जा रहे हैं। रूस ने यूक्रेन की 11 हवाई पट्टियों के साथ-साथ 70 से अधिक सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने एक वीडियो संबोधन में कहा कि दुनिया ने हमें अकेला छोड़ दिया है। इस युद्ध में कोई समर्थन नहीं मिलने पर खेद व्यक्त किया और कहा कि उनका देश रूस से लड़ने के लिए छोड़ दिया गया है। वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि हमारे साथ लड़ने के लिए कौन खड़ा है? मैं किसी को नहीं देखता।

रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, भारत चीन और यूएई ने बनाई दूरी, रूस ने लगाया वीटो
वॉशिंगटन। यूक्रेन के खिलाफ रूस द्वारा युद्ध छेड़े जाने के बाद अमेरिका सहित कई यूरोपीय देश नाराज हो गए हैं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आए थे, लेकिन इस प्रस्ताव के खिलाफ रूस ने वीटो पॉवर का इस्तेमाल कर लिया। यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई को लेकर असहमति वाले प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वोटिंग की गई। सुरक्षा परिषद में वोटिंग की प्रक्रिया से भारत और चीन ने खुद को दूर रखा। इस प्रस्ताव में रूस की आक्रामकता की निंदा के साथ ही यूक्रेन से तत्काल और बिना शर्त रूसी सेना की वापसी की बात की जा रही थी।
भारत, चीन, यूएई ने वोटिंग से बनाई दूरी : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य देशों में से 11 देशों ने यूक्रेन में रूस की कार्रवाई की निंदा वाले प्रस्ताव पर वोट डाला। वहीं भारत, चीन और यूएई ने इस निंदा प्रस्ताव से दूरी बना ली थी, वहीं दूसरी ओर खुद रूस ने वीटो पावर का इस्तेमाल करके इस निंदा प्रस्ताव का रास्ता ही रोक दिया है। रूस सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य है और इसलिए रूस को विशेष वीटो पॉवर का अधिकार मिला हुआ है।
यूक्रेन के सुमी शहर में फंसे 300 भारतीय छात्र-छात्राएं घर वापसी को लेकर आशंकित हैं। यूक्रेन की सीमा से हंगरी एयरपोर्ट की दूरी करीब 900 किलोमीटर है। हंगरी हवाई अड्डा पहुंचने में करीब 18 से 20 घंटे का समय लगता है। सुमी शहर में मिलिट्री स्कूल को रूसी सेना ने निशाना बनाया है। यहां यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने की खबर भी आ रही है।
आज की रात यूक्रेन के लिए सबसे कठिन – जेलेंस्की
रूस की सेना यूक्रेन पर हमलों की रफ्तार तेज करते हुए जल्द ही कीव पर कब्जा कर सकती है। पिछले तीन दिनों में रूसी सेना ने यूक्रेन पर चार तरफ से हमला कर उसकी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया है। हालांकि, राजधानी कीव अभी तक रूसी सेना के कब्जे से दूर रही थी। अब खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चिंता जताई है कि कीव पर रूसी सेना के कब्जे का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की रात हमारे लिए सबसे कठिन होने वाली है।

You might also like