5 एकड़ जमीन पर कटने वाली थी अवैध कॉलोनी

निगम ने बाउण्ड्रीवॉल और निर्माणाधीन सड़क पर चलाए बुल्डोजर शहर में 50 से अधिक अवैध कॉलोनियों की शिकायतें निगम में दर्ज कटने वाली थी अवैध कॉलोनी

इंदौर। अवैध कॉलोनियों को लेकर जहां नगर निगम और जिला प्रशासन के पास शिकायतों का अंबार है। वहीं समय-समय पर निगम द्वारा कार्रवाई भी की जाती है। आज लसूडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सांघी ब्रदर्स के पास करीब 5 एकड़ जमीन पर बाउण्ड्रीवॉल और सड़क को रिमूव्हल अमले ने ध्वस्त किया। यहां अवैध कॉलोनी काटने की तैयारी थी। निगम की रिमूव्हल टीम सुबह करीब 9 बजे मौके पर पहुंच गई थी। इसी तरह छत्रीबाग क्षेत्र में भी अवैध निर्माण तोड़ा गया।
निगम के कॉलोनी सेल में 50 से अधिक अवैध कॉलोनियों की शिकायतें दर्ज हैं, मगर भवन अधिकारी यहां कार्रवाई नहीं करते है। कई मामलों में सिर्फ नोटिस दिए जाते है और बाद में मामला रफा-दफा कर दिया जाता है। पिछले दिनों ही कुछ थाना क्षेत्रों में अवैध कॉलोनाइजरों पर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की, लेकिन कॉलोनाइजरों को जेल की हवा नहीं खिलवाई गई। शहर के आसपास के इलाकों में धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। बताया गया है कि अधिकांश कॉलोनाइजर भाजपा के नेता, कार्यकर्ता है या भाजपा नेताओं से जुड़े है इसलिए राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं हो पाती। निगम उपायुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि सांघी ब्रदर्स के पास 5 एकड़ जमीन पर अवैध कॉलोनी काटने की तैयारी थी। शिकायत और जांच के बाद आज रिमूव्हल किया गया। यहां बाउण्ड्रीवॉल बनाई गई थी और सड़क निर्माण भी शुरू कर लिया गया गया था। शहर में सांवेर रोड, खजराना, नंदबाग, बाणगंगा, सिरपुर, चंदन नगर, द्वारिकापुरी, मूसाखेड़ी, खंडवा रोड, राऊ क्षेत्र में सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां कट रही हैं।
छत्रीबाग में जी प्लस टू का अवैध निर्माण तोड़ा
भवन अधिकारी विवेश जैन ने बताया कि छत्रीबाग में गीता शर्मा नामक महिला ने बिना अनुमति जी प्लस टू निर्माण कर लिया था। जांच के बाद यहां आज कार्रवाई की गई। इसी तरह भवन अनुज्ञा शाखा में जो शिकायतें दर्ज हैं उनकी जांच की जा रही हैं और जल्द ही निगम का रिमूव्हल अमला इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.