यूक्रेन पर रूसी आक्रमण भयानक होगा, संघर्ष को टालने में ही भलाई

वॉशिंगटन। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने एक बार फिर से चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रूस, यूक्रेन पर आक्रमण करता है तो इसका अंजाम भयानक होगा, इसलिए इस युद्ध को किसी भी कीमत पर टालना होगा। वहीं बढ़ते संघर्ष को लेकर अमेरिकी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष मार्क मिले ने कहा कि अगर रूस हमला करता है तो इस आक्रमण में कई लोगों की जान चली जाएगी। उन्होंने कहा कि आप कल्पना कर सकते हैं कि यदि रूस घने शहरी इलाकों में, सड़कों के किनारे वगैरह में अगर आक्रमण करता है तो यह कितना भयानक होगा।
इसके अलावा मिले के बयान का समर्थन करते हुए रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि यूक्रेन में संघर्ष को अभी भी टाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा साझा सीमा पर एक लाख से अधिक सैनिकों की तैनाती की गई हैं लेकिन अगर वे चाहें तो युद्ध को टाल सकते हैं। ऑस्टिन ने कहा कि संघर्ष अपरिहार्य नहीं है। कूटनीति के लिए अभी भी समय और स्थान है।
रक्षा सचिव ने कहा कि ऐसा कोई कारण नहीं है कि इस स्थिति को संघर्ष में बदलना पड़े। पुतिन अभी भी अपने सैनिकों को दूर करने का आदेश दे सकते हैं।

अमेरिका ने यूक्रेन को दिया भरोसा
रूस की यूक्रेन के संबंध में नाटो देशों को दी गई शर्तें ठुकराने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात करके उनके देश की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बाइडन ने कहा, यदि यूक्रेन पर रूस ने हमला किया तो अमेरिका इसका जवाब देने को तैयार है।

You might also like