सफेद मंदिर रोड से एमआर 10 चौराहा तक सड़क होगी 80 फीट

कई बाधक हटाने के नोटिस, लंबे समय से अटका था सड़क का काम

इंदौर। परदेशीपुरा स्थित सफेद मंदिर से एमआर 10 चौराहा (चन्द्रगुप्त मौर्य प्रतिमा स्थल) तक सड़क को निगम 80 फीट चौड़ा करने जा रहा है। इसके लिए मंदिर से एमआर 10 चौराहा तक दोनों ओर अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे। अवैध निर्माण तोड़ने को लेकर निगम ने न सिर्फ मुनादी कराई थी, बल्कि बेदखली के लिए तीन दिन का नोटिस भी दिया था। नोटिस के बाद भी बाधक वहां से हटने को तैयार नहीं हो रहे हैं। इस 80 फीट चौड़ी सड़क का काम कई सालों से अटका पड़ा था। अब जाकर इसका पेंच निकल सका। इस मार्ग के बनने से वाहन चालक सीधे भंडारी मिल से होते हुए राजबाड़ा तक पहुंच सकता है।

करीब 10 साल पहले निगम ने इस मार्ग का कुछ हिस्सा निगम ने चौड़ा किया था। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि सड़क कब चौड़ा होगा। लगातार जनप्रतिनिधि और निगम इस पर मंथन के बाद अब जाकर सजग हुआ। इस मार्ग से दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। रेडिमेड काम्प्लेक्स, इलेक्ट्रानिक काम्प्लेक्स होने से अलसुबह से देरशाम तक वाहन चलते रहते हैं। हालांकि, सड़क 60 फीट होने के कारण जाम की स्थिति नहीं बन पाती। इस मार्ग पर एक बड़े कारोबारी ने भी कब्जा जमा रखा है, जिससे खातीपुरा चौराहा के समीप सड़क की चौड़ाई को कम किया गया है। कारोबारी के अवैध निर्माण को हटाने के लिए कभी क्षेत्रीय विधायक और पार्षद ने मैदान नहीं पकड़ा। कारोबारी की आड़ में फुटपाथ पर भी लोगों ने कब्जे जमा लिए थे। यहां फुटपाथ पर सांची पाइंट भी लग हुआ है। सांची पाइंट से लेकर खातीपुरा और आईटीआई तक सड़क के दोनों ओर ठेले और रेहड़ी वाले बैठने लगे हैं।
विश्रांति चौराहा से सुभाष नगर भी शामिल
कुलकर्णी भट्टा पुल से स्वदेशी मिल तक निगम द्वारा सड़क की चौड़ाई 100 फीट की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। बाधक दुकानदारों व मकान मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। निगम के सूत्रों ने बताया कि यहां सड़क बनने के बाद अगले क्रम में विश्रांति चौराहा से सुभाष नगर को शामिल किया जाएगा। इस मार्ग को भी निगम 80 फीट चौड़ा करेगा।
ज्यादा बाधक नहीं
इस मार्ग पर अधिक बाधक नहीं है। विश्रांति चौराहा से मुक्तिधाम तक बाधक नहीं है। मुक्तिधाम से सुभाष नगर तक बाधक हैं। कुछ बाधक तो सड़क की निर्धारित मानक से दूर हैं तो कुछ सड़क पर हैं। इस मार्ग का चयन होने के बाद यहां के बाधकों को नोटिस जारी किया जाएगा।

You might also like