उम्र हो गई, अब मैं मुख्यमंत्री का दावेदार नहीं-कमलनाथ

नए नामों को लेकर कांग्रेस में तैयारी अब शुरू होगी

भोपाल (ब्यूरो)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि उनकी उम्र 77 वर्ष की हो गई है। अब वे 2023 के चुनाव में मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं होंगे। वहीं कांग्रेस नए नामों को लेकर तैयारी शुरू करने वाली है। उल्लेखनीय है कि कमलनाथ सरकार का कार्यकाल 15 महीने का ही रहा था, इसके बाद सरकार गिरने से वे दुखी हुए थे। उन्होंने कहा कि वे सदैव कांग्रेस पार्टी और संगठन के लिए कार्य करते रहेंगे।
बताया जाता है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धनसिंह और पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव तथा पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा का नाम अब विधानसभा में विपक्ष के नेता के साथ ही मुख्यमंत्री पद के लिए भी कांग्रेस आगे कर सकती है। मध्यप्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कमलनाथ ने कहा कि अब वे 77 साल की उम्र के कारण मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि राज्य संवैधानिक हाथों में जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह यहां भी महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि कमलनाथ 40 साल के राजनीति में हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के लिए उनका प्यार 2018 से जाग रहा है। 2003 से 2018 तक कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी की मदद के लिए कोई खास काम नहीं किए। जो मध्यप्रदेश के लिए उनके बिना शर्त प्यार को दर्शाता है। अब आगे की रणनीति के लिए पार्टी ने जल्द ही तैयारी शुरू करने का निर्णय ले लिया है जिससे 2023 के चुनाव में दमदारी के साथ जीत कर फिर सरकार कांग्रेस की बन सके।

You might also like