विजयवर्गीय समर्थक मनोज को रोकने में सफल रही ठाकुर

जिला कार्यकारिणी में तीनों विधायकों को तवज्जो, जिराती-मधु के हिस्से एक-एक पद

Thakur was successful in stopping Vijayvargiya supporter Manoj.
Thakur was successful in stopping Vijayvargiya supporter Manoj.

इंदौर। भाजपा की जिला कार्यकारिणी घोषित हो चुकी है। इसमें बड़ी सफलता महू विधायक उषा ठाकुर को मिली है। ठाकुर ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समर्थक युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज ठाकुर को जिले में आने से रोक दिया है। मनोज जिले में महामंत्री पद चाह रहे थे। तीनों महामंत्री पद मंत्री तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर व जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा के खाते में गए हैं। वहीं उपाध्यक्ष के सात पदों पर सभी को संतुष्ट किया गया है।
भाजपा की जिले की भाजपा कार्यकारिणी में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय महू से अपने खास मनोज पटेल को लाना चाह रहे थे लेकिन उषा ठाकुर ने अब बता दिया की महू में उनकी ही चलेगी। मनोज को लेकर मंत्री विजयवर्गीय का दबाव काम नहीं आया और सूची जारी होते ही उषा ठाकुर का दबदबा नजर आ गया। महामंत्री के तीन पद पर तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर व जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा की पसंद पर मुहर लगी है। जहां अंतरदयाल मंत्री सिलावट, पूंजीलाल निनामा उषा ठाकुर के खाते में गए हैं। वहीं संगठन के साथ जिलाध्यक्ष चावड़ा की पसंद से रामस्वरूप गेहलोत बने हैं। उपाध्यक्ष के सात पदों में मंत्री तुलसी सिलावट अपने दो समर्थक भारत सिंह चौहान और दिलीप चौधरी को ले आए हैं। वहीं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार के नाम लीला संतोष पाटीदार पर सहमति बन गई। देपालपुर विधायक मनोज पटेल के पवनसिंह पटेल व सत्यनारायण पटेल नाम आ गए। वहीं राऊ विधायक मधु वर्मा अपने खास धर्मेंद्र वर्मा को बनवा लाए।
मंत्री पद को लेकर भी लंबी कतार थी, लेकिन यहां भी उषा ठाकुर के तीन नामों पर सहमति बन गई व घनश्याम पाटीदार, कुसुम रुपसिंह चौहान व राजकुमार वर्मा ठाकुर समर्थक ही हैं। वहीं मनोज पटेल जालमसिंह सोलंकी, अजय यादव के समर्थक माने जाते हैं। राऊ विधायक रहे जीतू जिराती के समर्थक नगर टीम में खाली थे लेकिन जिले में एक मंत्री पद जिराती के खाते में गया है। अश्विन पटेल मंत्री बनाए गए हैं। कोषाध्यक्ष पहले भी हेमचंद मित्तल थे अभी भी हैं। वहीं जिले के कार्यालय मंत्री जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा के खाते में रहे हैं।

You might also like