फोटो पर हुए बवाल पर दीपू यादव की सफाई
कल हाथ जोड़कर खड़े थे मुख्यमंत्री के सामने

इंदौर। कांग्रेस नेता दीपू यादव की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष हाथ जोड़े खड़े हैं। इस तस्वीर के बाद जहां यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस में अंर्तकलह फिर सामने आई है। वहीं दीपू यादव का कहना है कि जन्माष्टमी पर निकलने वाली शोभायात्रा का निमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे। वे समाज के वरिष्ठ हैं और पारिवारिक रूप से भी रिश्ते हैं। वर्षों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समाज के कार्यक्रम में सिरकत करते आए हैं। एयरपोर्ट पर हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री श्री यादव ने समाज के कई वरिष्ठों के पैर भी छुए।
इंदौर में कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद फिर सामने आ गए है। हाल ही में कांग्रेस नेता दीपू यादव की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वे मुख्यमंत्री मोहन यादव से हाथ जोड़कर मुलाकात करते हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेसियों ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा है, कांग्रेस के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने वाले कैसे हाथ जोड़कर खड़े हैं।
Also Read – शहर में चांदीपुरा वायरस का खतरा , सैंपल पुणे भेजे
दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव एक दिवसीय दौरे पर इंदौर आए थे, जहां एयरपोर्ट पर दीपू यादव और समाजजन उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे। दीपू यादव ने बताया कि वे यादव समाज की ओर से मुख्यमंत्री को जन्माष्टमी के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में शामिल होने का न्योता देने गए थे। उनका कहना है कि यह एक सामाजिक, पारिवारिक मुलाकात थी, लेकिन कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक रंग देकर फोटो को वायरल कर दिया है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दीपू यादव का नाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष के संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। पहले भी उनके भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के साथ की एक फोटो वायरल हुई थी, जिससे कांग्रेस में खलबली मच गई थी। दीपू यादव ने साफ किया कि वे किसी पद के दावेदार नहीं हैं, लेकिन वायरल तस्वीर ने कांग्रेस के भीतर एक बार फिर से हलचल पैदा कर दी है।
Comments are closed.