सरकारी जमीन पर पूर्व पार्षद के भांजे का कब्जा

भोपाल से आदेश के बावजूद भी नगर निगम नहीं हटा रहा अवैध निर्माण

सरकारी जमीन पर पूर्व पार्षद के भांजे का कब्जा

इंदौर। झोन 10, वार्ड 43 में आने वाले न्यू पलासिया लक्ष्मी मेमोरियल के पीछे नाले के पास खाली पड़ी नगर निगम की सरकारी भूमि के फर्जी दस्तावेज बनाकर उस पर टीन शेड मकान बना लिया गया है। इसके अलावा सरकारी कुएं में मोटर लगाकर पानी के टैंकर भरे जा रहे हैं और उनसे पांच-पांच सौ रुपए वसूले जा रहे हैं, जबकि नगरीय प्रशासन के आदेश हैं कि सरकारी भूमि, कुए-बावड़ी से तुरंत कब्जे हटाए जाएं, बावजूद नगर निगम कब्जा नहीं हटा रहा है।
पूर्व पार्षद सरोज भारद्वाज के भांजे लोकेंद्र राठौर ने इस सरकारी जमीन पर टीन शेड डालकर मकान तान लिया है, जिसकी कुछ समय पहले अमरसिंह ने नगर निगम आयुक्त को शिकायत की थी।

जब जगह का मौका-मुआयना किया गया तो मामला सही पाया गया। सीएम हेल्पलाइन पर भी इसकी शिकायत की गई थी, जिस पर झोन दस की भवन अधिकारी गजल खन्ना ने लिखित में कब्जा हटाने का कहा था। नियम के हिसाब से 8 मई को कब्जा हटाने के आदेश जारी हो चुके हैं और तीन दिन में कार्रवाई करने को कहा था, बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Also Read – 13 गृहनिर्माण संस्थाओं के साथ कई भूमाफियों की जमीनें भी मुक्त हो जायेगी

इस जमीन पर सरकारी कुआं भी है, जिस पर नगर निगम ने टैंकर भरने के लिए मोटर डाली थी, लेकिन लोकेंद्र राठौर प्रायवेट टैंकर भरवा रहा है और हर टैंकर के पांच सौ रुपए वसूल रहा है। उक्त मामले में 11 मई को संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इंदौर नगर पालिका निगम आयुक्त हर्षिका सिंह को तीन दिन में कार्रवाई कर संचालनालय की रिपोर्ट देने का पत्र जारी किया है।

राजनीतिक दबाव के चलते समयावधि पूरी होने के बाद भी नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जबकि गजल खन्ना का कहना है कि हमने राठौर को कब्जा हटाने का नोटिस और बोर्ड चस्पा कर दिया है, लेकिन वहां पर किसी तरह का बोर्ड नहीं। भोपाल से नगर प्रशासन के आदेश के बावजूद कब्जा क्यों नहीं हटाया जा रहा है, समझ से परे है।

एक-दो दिन में कब्जा हटा देंगे

इस मामले में जब अपर आयुक्त सिद्धार्थ जैन से बात की गई तो उनका कहना था कि भोपाल से आदेश प्राप्त हुआ है। एक-दो दिन में कब्जा हटा देंगे, लेकिन आज पांच दिन हो गए हैं, लेकिन कब्जा जस-का-तस ही है।

कार्रवाई की जाएगी

भवन अधिकारी गजल खन्ना का कहना है कि हमने कब्जाधारी को कब्जा हटाने का नोटिस दे दिया है और बोर्ड भी लगा दिया है। अपर आयुक्त जैन ने तीन दिन का अंतिम सूचना पत्र जारी कर दिया है। यदि कब्जाधारी ने टीन शेड नहीं हटाया तो नगर निगम रिमूवल की कार्रवाई करेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.