Project News: 402 परियोजनाएं बजट के अभाव में लड़खड़ा रही
20 लाख करोड़ से अधिक की योजनाओं का ऐलान अभी तक किया जा चुका है

नई दिल्ली (ब्यूरो)। लगातार एक के पीछे एक की जा रही घोषणाओं के लिए केन्द्र सरकार के पास बजट को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। माना जा रहा है कि चुनावी वर्ष होने के कारण इस साल भी कम से कम दो लाख करोड़ से ज्यादा के कार्यों का ऐलान तो होगा ही परंतु सरकार की घोषणाओं के पीछे की कहानी बता रही है कि कई योजनाएं बजट के अभाव में बुरी तरह लड़खड़ा गई हैं। सरकार की ही रिपोर्ट के अनुसार सड़क परिवहन और राजमार्ग की 402 परियोजनाएं झूल रही है। इसके बाद रेलवे की 115 और पेट्रोलियम क्षेत्र की 86 परियोजनाएं केवल खसक रही हैं।
अधोसंरचना क्षेत्र की परियोजनाओं को लेकर 31 मार्च 2023 को जारी की गई रिपोर्ट बता रही है कि मुनीराबाद से महबूब नगर रेल परियोजना अपने निर्धारित समय से 276 महीने पीछे चल रही है। दूसरी सबसे बड़ी परियोजना उधमपुर-श्रीनगर बारामुला रेल मार्ग परियोजना है जो अपने निर्धारित समय से 247 माह विलंब से चल रही है। इसके अलावा बेलापुर सीवुड शहरी विद्युतीकरण योजना भी अपने समय से 228 महीने पीछे चल रही है।
