RBI Report: हर दिन बैंकों के 510 करोड़ बट्टे खाते में

11 लाख 17 हजार करोड़ के कर्ज माफ, 821 करोड़ रोज कर्ज देती है बैंकें

RBI Report: हर दिन बैंकों के 510 करोड़ बट्टे खाते में
RBI Report: हर दिन बैंकों के 510 करोड़ बट्टे खाते में

नई दिल्ली (ब्यूरो)। रिजर्व बैंक की ताजा रिपोर्ट बता रही है कि बैंकों में आने वाले समय में जहां नकदी की भारी कमी होगी तो दूसरी ओर 1 अप्रैल से 31 दिसंबर 2022 के बीच 91 हजार करोड़ के कर्जे उद्योगपतियों पर माफ किए गए हैं। अब तक 11 लाख 17 हजार करोड़ के कर्ज माफ हो गए हैं। हर दिन 510 करोड़ के कर्ज माफ हो रहे हैं। रिजर्व बैंक के अनुसार ही इस देश में 821 करोड़ के लोन हर दिन अलग-अलग बैंकों से दिए जाते हैं। 6 सालों में यह आंकड़ा एक जैसा ही बना हुआ है। इनमें से 59 करोड़ रुपए की रिकवरी ही बैंक कर पाती है। 150 करोड़ के वापस आने में समय लगता है, जबकि 102 करोड़ रुपए बैंकों के उलझ रहे हैं और 510 करोड़ के कर्ज माफ हो रहे हैं।

रिजर्व बैंक से आरटीआई के तहत एक न्यूज चेनल द्वारा निकाली गई जानकारी के बाद यह आंकड़े सामने आ रहे हैं। बैंकों की अर्थव्यवस्था बड़ी तादाद में कर्ज राइट ऑफ (बट्टे खाते) में डाले जाने के कारण चरमरा रही है। जो उद्योग रोजगार नहीं दे पा रहे हैं वे रियायत भरपूर ले रहे हैं।

Also Read – Billionaire News: 21 अरबपतियों की दौलत 102 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी

1 अप्रैल से दिसंबर 2022 तक एसबीआई के 17 हजार करोड़ रुपए, बैंक ऑफ बड़ौदा के 13 हजार करोड़ रुपए, यूको बैंक के 16477 करोड़ रुपए, पंजाब नेशनल बैंक के 10 हजार करोड़ रुपए, कैनरा बैंक के भी 10 हजार करोड़ रुपए के लोन माफ कर दिए गए हैं। अब बैंक लोक अदालत लगाकर 50 लाख के कर्ज का निराकरण स्वयं करेगी। अब तक 11 लाख 17 हजार करोड़ के कर्ज 6 साल में बट्टे खाते में डाले गए हैं। यानी 510 करोड़ रुपए के कर्ज हर दिन बट्टे खाते में जा रहे हैं।

धोखाधड़ी भी जारी

बैंकों में पिछले चार सालों में बैंकों में हुई धोखाधड़ी के आंकड़ो में कमी जरूर आई है पर इसमें भी पौने 6 लाख करोड़ रुपए बैंकों के स्वाहा हो गए हैं। वर्ष 2019 में 8700 मामलों में 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपए तो वर्ष 2020 में 8702 मामलों में 1 लाख 85 हजार करोड़ रुपए, वर्ष 2021 में 7358 मामलों में 1 लाख 37 हजार करोड़ रुपए और वर्ष 2022 में 9102 मामलों में 60379 करोड़ रुपए बैंकों के धोखाधड़ी में चले गए। इसमें अधिकांश ऋण ऐसे लोगों को दिए गए हैं जिनके दस्तावेज भी गलत पाए गए।

You might also like