81 अवैध कालोनियां हुई वैध तुलसीनगर सूची से बाहर

निगम ने पोर्टल पर डाली सूची, दूसरे चरण में अब कालोनियां वैध होना मुश्किल

Awaid Colony News Indore

इंदौर। Awaid Colony News Indore शहर के 81 अवैध कालोनियों को नगर निगम ने वैध कर दिया है। इन कालोनियों में रहवासियों को अब जहां बैंकों से लोन मिल जाएगा वहीं रजिस्ट्री भी हो सकेगी पहले चरण में ली गई कुल 100 कालोनियों में से 19 अब दूसरे चरण में ली जाएंगी वहीं तुलसीनगर कालोनी एक बार फिर सूची से बाहर हो गई है। यहां कुल 116 एकड़ में से 42 एकड़ हिस्सा पूरी तरह अवैध है। यहां राजस्व विभाग से न तो डायवर्सन कराया गया और न ही कोई अनुमति ली गई। साथ ही सरकारी जमीन और ग्रीन बेल्ट के साथ बगीचों की जमीन पर भी निर्माण है।

नगर निगम ने चुनाव के पहले एक बार फिर शहर की अवैध कालोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरू की थी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की घोषणा के बाद अधिकारी कालोनियों को वैध करने में लगे हुए थे। 100 कालोनियां पहले ली गई जिसमें 81 कालोनियों को वैध कर दिया गया और पोर्टल पर उनकी जानकारी भी चढ़ा दी गई। अब इन कालोनियों से अवैध का ठप्पा हट गया है। बताया गया है कि नगर निगम जहां आवश्यकतानुसार जो विकास कार्य करेगा, उसमें 20 फीसदी पैसा रहवासियों को चुकाना होगा जबकि 80 फीसदी नगर निगम चुकाएगा। यहां विकास शुल्क 1450 रुपए प्रति वर्ग मीटर लिया जाएगा।

कई विभागों से मांगी एनओसी

तुलसीनगर का नाम सूची में नहीं है जबकि अवैध कालोनी को वैध करने की प्रक्रिया यहीं से शुरू हुई थी। सूची में कुल 19 कालोनियां ऐसी हैं जिनकी एनओसी अलग-अलग विभागों से मांगी गई है। तुलसीनगर में निपानिया क्षेत्र और पिपल्याकुमार की कुल 116 एकड़ जमीन में से 42 एकड़ जमीन पूरी तरह अवैध है। यहां बगीचों और सरकारी जमीन पर भी प्लाट काट दिए गए और किसी भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई। नगर निगम ने वर्ष 2017 में इस कालोनी को अवैध घोषित किया था।रहवासी लगातार कालोनी की अवैध करवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Also Read – गुस्ताखी माफ़: आसमान से गिरी गिया, खजूर में अटकी गिया…अब धोती में उलझ गए भिया…नेताओं पर कमान, नया फरमान…

यह कालोनियां हुई वैध

ब्रह्मबाग कालोनी, पेनजान कालोनी, कैलाश नगर, सुरेन्द्र नगर, एकता नगर, गंगा धाम, सिद्ध नगर, बालाजी विहार, प्रिन्स सिटी, केशव नगर, गणेश नगर, शांतिनगर, भोलेनाथ धाम, भगवती नगर, यशोदा नगर, कृष्णा नगर, चौधरी पार्क के पास, जगदीशपुरी, अजयबाग कालोनी, न्यू एकता नगर, चंदन नगर ई, ईएफ सेक्टर, तुलसीराम नगर, जगन्नाथ नगर, अंजली नगर, रजा नगर, न्यू खातीपुरा, देवश्री कालोनी, विकास नगर, जगीदश नगर, दशरथ बाग, सुगंधा नगर, यादव पैलेस, राधा कृष्ण विहार, रामा कालोनी, राही नगर एक्सटेंशन, साटम पार्क कालोनी, सागर पैलेस कालोनी, न्यू जगन्नाथ नगर, गुलाब बाग, रानी पैलेस, छत्रपति नगर, सुनील नगर, कस्तूरी नगर, केदार नगर, शालीमार पैलेस, रकबा, भवानी नगर, हुकमचंद कालोनी, राजाराम नगर, गणेश नगर (हिम्मत नगर), नंदनबाग कालोनी, शंकर कालोनी, सागर विहार कालोनी, योजना क्र. 46, योजना क्र. 139 आदि।

19 कालोनियां सूची से बाहर

81 कालोनियों के वैध होने के बाद यहां रहवासियों को सुविधाओं में वृद्धि होगी। बैंक लोन के साथ रजिस्ट्री भी आसानी से हो सकेगी। एमआईसी सदस्य राजेश उदावत ने बताया कि दूसरे और तीसरे चरण की कालोनियों की सूची बनाने की प्रक्रिया जारी है। बची हुई 19 कालोनियां इन्हीं चरणों में ली जाएंगी। एनओसी के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण, टीएंडसीपी, जिला प्रशासन व अन्य विभागों से एनओसी मांगी गई है। इस प्रक्रिया के बाद विकास शुल्क भी तय कर दिया जाएगा। इधर बताया गया है कि विधानसभा चुनाव के पहले अब दूसरे और तीसरे चरण में अवैध कालोनियों को वैध करने के लिए सूची नहीं आएगी क्योंकि चुनाव में अब कम समय ही बचा है। इधर नगर निगम कालोनी सेल में काम की गति धीमी होने के चलते सूची में विलम्ब होगा। नजूल और अन्य विभाग से एनओसी भी समय पर नहीं मिलेगी।

You might also like