कुक्षी को जिला बनवाने के लिए आरएसएस मुख्यालय नागपुर तक साइकल यात्रा करूंगा- सोमेश्वर पाटीदार

लोहारी, (निप्र)। मध्यप्रदेश के बड़े जिलों में सुमार जिले धार से पृथक कर जिले की बड़ी तहसील कुक्षी को जिला बनाने की मांग लम्बे समय से चली आ रही है, जिसे लेकर हस्ताक्षर अभियान, समर्थन पत्र अभियान के साथ ही मांग पत्र प्रेषित किए गए थे। सभी तरह से कुक्षी जिला बनाए जाने हेतु सक्षम है। इसी कड़ी में आंदोलन को गति देते हुए कुक्षी जिला बनाओ आंदोलन व गैर राजनीतिक जनहित मंच ‘जनादेश सरकारÓ प्रमुख सोमेश्वर पाटीदार 25 मई बुधवार समय : सुबह 9 बजे मां गायत्री मंदिर में दर्शन पूजा आरती कर कुक्षी से सायकल यात्रा करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय नागपुर (महाराष्ट्र) पहुंचकर कुक्षी को जिला बनवाने हेतु मांग प्रस्ताव पत्र सौपेंगे।
प्राप्त जानकारी अनुसार आरएसएस ने भी अपनी गतिविधियों के संचालन हेतु कुक्षी को जिला माना है, जिस पर म.प्र.शासन की मोहर लगाकर कुक्षी को जिला बनाने की मांग को लेकर आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करेंगे कि कुक्षी जिला बनाने की कार्रवाई को गति देने हेतु आपके स्तर से भी संघ ने वर्षों से जिला माना, उसी कुक्षी पर म.प्र. की भाजपा सरकार भी कुक्षी जिला की मोहर लगाएं। आप सरकार में बैठे लोगों को मार्गदर्शन करते हुए कुक्षी को अतिशीघ्र जिला घोषित व स्थापित कर क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात देने की कृपा करें। उक्त जिक्र आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को कुक्षी जिला बनाओ आंदोलन प्रमुख सोमेश्वर पाटीदार द्वारा 1 मई को लिखे गए पत्र में है जिसकी प्रतिलिपि शासन-प्रशासन को भी आवश्यक कारवाई हेतु प्रेषित की गई है। सनद रहे कुक्षी जिला बनाओ आंदोलन प्रमुख सोमेश्वर पाटीदार ने कुक्षी को जिला बनाने की मांग को लेकर 7 अक्टूबर 2021 गुरुवार (शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस) से 26 जनवरी गणतंत्र दिवस (112 दिवस) तक मौन उपवास भी किया था।
उपरोक्त मांग को लेकर प्रदेश सरकार व प्रशासन को लगातार ध्यानाकर्षित करवाने हेतु मुख्यमंत्री को खून से लिखा पत्र भी प्रेषित किया था। 27 फरवरी से अनिश्चितकालीन साप्ताहिक धरना प्रदर्शन प्रति रविवार रात्रि 8 से 10 बजे तक किया जा रहा है। बता दें, कुक्षी जिला बनने के बाद मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा व कुक्षी से पावागढ़ (गुजरात) पदयात्रा करने का संकल्प भी सोमेश्वर पाटीदार ने लिया हुआ है।
You might also like