कुशवाह नगर क्षेत्र में शराबी मचा रहे थे उत्पात, महिलाओं ने जमकर कूट डाला
रहवासियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा

इंदौर। शहर में शराब दुकानों को लेकर एक बार फिर नागरिकों का विरोध शुरू हो गया है। कई जगह सुबह 5 बजे से ही दुकानों के बाहर शराब पीने वालों की भीड़ लग जाती है और दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर शराब बेचने लगते हैं।
कुशवाह नगर क्षेत्र में इसी तरह से संचालित शराब दुकान के कारण रहवासियों का जीना दुभर हो गया है। आए दिन यहां गली-मोहल्लों में महिलाओं के साथ छेड़खानी होती है। शराब की बोतलें घरों के बाहर फेकी जाती हैं। बाणगंगा थाना पर महिलाओं ने कार्रवाई को लेकर ज्ञापन सौंपा है। पिछले दिनों एक शराबी की धुनाई भी उक्त महिलाओं द्वारा की गई है।
सरकार ने जब से अहाते बंद किए हैं तब से दुकानों के आसपास पीने वालों का जमावड़ा लगने लगा है और अन्य लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क, फुटपाथ पर सुबह से रात तक पीने वाले जमे रहते हैं। पुलिस और आबकारी विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता है। नागरिकों ने फिर शराब दुकान दो लेकर विरोध शुरू किया है। कुशवाह नगर क्षेत्र में गली-मोहल्लों में शराबी हंगामा करते हैं और रहवासियों का जीना दुभर कर रखा है।
महिलाओं ने कई बार रहवासी क्षेत्र में दुकान बंद करने की मांग की और आंदोलन भी किया मगर प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की। पिछले दिनों महिलाओं ने यहां एक नशेड़ी की जमकर पिटाई भी कर दी। यह नशेड़ी महिलाओं से छेड़खानी कर रहा था। कड़ी कार्रवाई को लेकर बाणंगगा थाना पर रहवासियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा। बताया गया है कि यदि पुलिस ने अब कार्रवाई नहीं की तो चक्काजाम भी किया जाएगा। वहीं कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपेंगे।