इंदौर। भोपाल में 19 फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा कैबिनेट मंत्रियों की आपात आहूत बैठक को लेकर सूत्रों का दावा है कि शाम तक सभी मंत्री अपने पदों सें इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद नये सिरे से मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। इंदौर में उषा ठाकुर को मंत्रिमंडल से मुक्त किया जा रहा है।
इसके अलावा मालिनी गौड़ और महेंद्र हार्डिया नये मंत्रिमंडल में स्थान ले सकते हैं। एक बार फिर तीन बार के सर्वाधिक वोटों से जीते विधायक रमेश मेंदोला मंत्रिमंडल तक नहीं पहुंच पायेंगे। बैठक में संघ के पदाधिकारी सहित संगठन के सभी बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। यह अब तक की शिवराज सरकार की सबसे बड़ी सर्जरी होगी। भाजपा के उच्चतम सूत्रों का दावा है कि 19 फरवरी को होने वाली बैठक में लिए जाने वाले निर्णय की कथा लिखी जा चुकी है। गुजरात की तर्ज पर एंटीइनकम्बेंसी समाप्त करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया जाना तय है। इस बैठक में संघ के सहसंचालक मोहन भागवत भी खुद मौजूद रहेंगे। केंद्र से भी संगठन के पदाधिकारी और मंत्री इस बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में आने वाले चुनाव को लेकर मिशन 200 की तैयारियों पर चर्चा होगी वहीं जिन क्षेत्रों में भाजपा विकास यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह नहीं देख पाई है संघ की रिपोर्ट पर इन सभी क्षेत्रों में उम्मीदवार बदलने को लेकर भी यहां पर निष्कर्ष होगा।
इसके अलावा पूरे मंत्रिमंडल से एक साथ इस्तिफे लेकर नये मंत्रिमंडल के गठन को लेकर तैयारी की जायेगी। अगले सप्ताह तक प्रदेश में नया मंत्रिमंडल गठित हो जाएगा। इंदौर से मंत्री रही उषा ठाकुर इस बार मुक्त हो रही है उनकी जगह पर मालिनी गौड़ और महेंद्र हार्डिया नये मंत्री होंगे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र से तुलसी सिलावट फिर से मंत्री बनेंगे।