भानगढ़ पुल का पहला स्पान तीन दिन में तैयार होगा

मई में आवागमन के लिए खुल जाएगा, दूसरा पुल होगा

इंदौर। भानगढ़ पुल के पहले स्पान का काम अगले तीन दिन में तैयार हो जाएगा। शेष बचे तीन स्पान मार्च माह के दूसरे सप्ताह में पूरे हो जाएंगे। मई तक इस पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। पुल की लंबाई और चौड़ाई भारवाहक वाहनों की आवागमन क्षमता के मुताबिक रखी गई है। लंबाई 60 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर निर्धारित की है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के इंजीनियर अनूप गोयल ने बताया कि नवंबर माह में इस भानगढ़ पुल का काम शुरू किया था। यहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व कचरा स्टेशन संचालित होता है। पुल संकरा होने से भारवाहक वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी होती थी। शहरी क्षेत्रफल बढ़ने से भानगढ़ के आगे तक कई कालोनियां विकसित हो चुकी है। कालोनियों का दबाव भी इस पुल पर आ गया है। शहर से बाहर निकलने का एकमात्र पुल यही है। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा आरई 2 और आरई 9 के तहत सड़क निर्माण भी इसी पुल के समीप से गुजर रही है। आने वाले दिनों ने दोनों सड़कें तैयार होने से यातायात का दबाव अपेक्षा से अधिक बढ़ जाएगा। इसलिए पुल चौड़ीकरण की योजना पर काम शुरू किया गया। पुल की समयसीमा एक साल निर्धारित की थी। लेकिन, ग्रामीणों व आमजन की परेशानी को देखते हुए निगम ने तेजी से काम को शुरू कराया। वर्तमान में बैस को खड़ा करने के लिए पीलर तैयार कर लिए गए हैं। पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल भी बनाई जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही बेहतर यातायात के लिए ऊंचे डिवाइडर बनाए जाकर उस पर पौधे रोपे जाएंगे। आरई 9 और आरई 12 को उज्जैन मार्ग से जोड़ने की योजना भी आईडीए ने बनाई है।

दूसरा पुल होगा

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब तीन साल पहले निगम ने समयसीमा से पहले जवाहर मार्ग पुल का काम पूरा किया था। भानगढ़ का पुल दूसरा होगा, जो समय से पहले आवागमन के लिए मई में खोला जा सकता है। जबकि, इसकी समय सीमा नवंबर 2022 रखी गई है। पुल का 30 फीसदी से अधिक काम पूरा हो गया है। धुलेंडी तक दूसरे स्पान का काम जोर पकड़ लेगा।

You might also like