पेट्रोल चला 122 की ओर, आज 58 पैसे बढ़े

देश का सबसे महंगा पेट्रोल मध्यप्रदेश में, 120.4 रुपए पहुंचा

नई दिल्ली। अमेरिका में कच्चे तेल की बढ़ती मांग के साथ ही विश्व में भी मांग के कारण कच्चा तेल उच्चतम स्तर पर 86.40 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है। इसी माह यह 90 डॉलर प्रति बैरल पहुंचने के साथ ही देश में पेट्रोल 122 रुपए के पार और डीजल 110 रुपए के पार होगा। वहीं रुपया भी तेजी से कमजोर हो रहा है। आज रुपया 75 रुपए 25 पैसे प्रति डॉलर रहा, जो न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। पेट्रोल की कीमतों में आज 58 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है। तेल उत्पादक देशों ने कच्चे तेल का उत्पादन कम कर दिया है, जिसके चलते अब कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का क्रम जारी रहेगा। सरकार टैक्स में कोई राहत देने को तैयार नहीं है, ऐसे में अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि बनी रहेगी। आज पेट्रोल में 58 पैसे और डीजल में 35 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। देश का सबसे महंगा पेट्रोल मध्यप्रदेश के दो जिलों में बिक रहा है। बालाघाट और अनूप नगर में पेट्रोल 120 के पार पहुंच गया है। इसी माह 2 रुपए की और वृद्धि होना तय है। शेयर बाजार में उछाल जारी वहीं शेयर बाजार में आज भी सेंसेक्स 61 हजार के पार बना रहा। निफ्टी में भी बढ़त जारी रही। सेंसेक्स में 300 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है। इस समय निवेशक मिच्युअल फंड पर अधिक निवेश कर रहे हैं। निफ्टी भी 83 अंक की बढ़त के साथ कामकाज कर रहा है। वहीं रुपए की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। लगातार 75 रुपए प्रति डॉलर के पार बने रहने के कारण आयात सहित कई सामानों पर इसका असर दिखाई देगा। दीपावली पर हर सामान की कीमत में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हो रही है। सोने की ग्राहकी में जबरदस्त उछाल, 400 रुपए गिरा दूसरी ओर देश में कामकाज प्रारंभ होने और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही बड़ी आबादी सोने पर ही निवेश कर रही है। ठोस सोना खरीदने में ग्राहकों की रूचि ज्यादा है, जिन आभूषणों में बनावट पर बड़ी राशि खर्च हो रही है उसे खरीदने का रुझान कम है। आज सोने का भाव 48980 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं चांदी में 67760 रुपए पर रही।

You might also like