इसरो ने मस्क से मिलाया हाथ

वॉशिंगटन। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने अमेरिका के दिग्गज उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से हाथ मिलाया है। दरअसल इसरो के सबसे आधुनिक कम्युनिकेशन सैटेलाइट जीएसएटी-20 जिसे जीसैट एन-2 भी कहा जा रहा है, उसे अंतरिक्ष में स्पेसएक्स लॉन्च करेगी। अगले हफ्ते की शुरुआत में यह लॉन्चिंग होगी। जीसैट एन-2 को अमेरिका के कैप कार्निवाल से लॉन्च किया जाएगा। यह 4700 किलो की सैटेलाइट किसी भारतीय रॉकेट द्वारा ले जाने के हिसाब से बहुत भारी है। यही वजह है कि इसरो ने इसकी लॉन्चिंग के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की मदद लेने का फैसला किया।
Also Read – दुनिया के 100 खरबपतियों में एलन मस्क पहले पर तो अंबानी 12वें पर
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी का सबसे ताकतवर रॉकेट मार्क-3 है, जो पृथ्वी की भू स्थैतिक कक्षा में 4000-4100 किलोग्राम वजन ही ले जा सकता है।
भारत अब तक अपने भारी उपग्रहों को लॉन्च करने के लिए एरियनस्पेस कंपनी पर निर्भर था, लेकिन मौजूदा वक्त में कंपनी का कोई भी रॉकेट संचालन में नहीं है। चीन के रॉकेट से भारत अपने उपग्रह लॉन्च करता नहीं है और यूक्रेन युद्ध के चलते रूस भी अपने रॉकेट को व्यवसायिक तौर पर लॉन्च करने की स्थिति में नहीं है। यही वजह है कि इसरो के पास स्पेसएक्स का ही विकल्प था। इसरो के वैज्ञानिकों का कहना है कि स्पेसएक्स से अपना उपग्रह भेजने के लिए उन्हें अच्छी डील मिली है। स्पेसएक्स अपने शक्तिशाली रॉकेट फाल्कन 9 से भारतीय उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजेगा।
source – agency
Comments are closed.