शहर में दो बड़ी डकैती के बाद पुलिस एक्शन में आई

तकरीबन 2 हजार पुलिस बल एक साथ सड़कों में उतरा

Police came into action after two major robberies in the city
Police came into action after two major robberies in the city

इंदौर। शहर में पिछले 15 दिन में 2 डकैती, 4 बड़ी चोरियों और 2 लूट की वारदात के बाद रविवार रात पुलिस एक्शन में दिखी। रात 11 से अल सुबह तक तकरीबन 2 हजार पुलिस जवानों ने सर्चिग की। पुरी रात चलने वाले अभियान में लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश निशाने पर रहे। देर रात पुलिस ने नशेड़ी वाहन चालकों, तीन सवारी, तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों की धड़पकड़ के साथ बदमाशों के घर पर भी दबिश दी। नशे में वाहन चला रहे 40 से ज्यादा लोगों पकड़ा गया। उनके वाहन भी जब्त किए।

पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता के निर्देश पर सभी थानों का पुलिस बल, क्राइम ब्रांच, ट्रैफिक पुलिस के अफसर एक साथ सड़कों पर उतरे। रीगल तिराहा, मूसाखेड़ी, आजाद नगर और बिचौली, कनाड़िया रोड सहित शहर के उन प्रमुख रास्तों पर पुलिस तैनात हुई जो बायपास और अन्य बाहरी इलाकों की तरफ जाते हैं।

तकरीबन 2 हजार पुलिस बल एक साथ सड़कों में उतरा

पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता ने कहा कि शहर के चारों जोन के डीसीपी ने गश्त प्लान किए हैं। डीसीपी अपने नेतृत्व में क्षेत्रों में जांच करवा रहे हैं। कई बिंदुओं को ध्यान रख गश्त प्लान किया गया है। तकरीबन 2 हजार पुलिस बल एक साथ सड़कों में उतरा है। इस दौरान स्थाई वारंटियों को पकड़ने के साथ अन्य अपराधों मे फरार चल रहे बदमाशों के घर भी दबिश दी जाएगी।

रीगल तिराहे पर रात करीब 11 बजे पुलिस कमिश्नर गुप्ता, एडिशनल कमिश्नर मनोज श्रीवास्वत और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ट्रैफिक मनीष अग्रवाल मौजूद थे। 11 बजे से शुरू हुआ यह अभियान सुबह 5 बजे तक चलाया चला। करीब आधा दर्जन से ज्यादा संदेही व बाहरी युवाओं को थाने भेजा गया। जोन 1 और जोन 2 में तीन बदमाश चाकू के साथ पकड़ाए। वहीं भंवरकुआं चौराहे पर तीन ऐसे बदमाश भी पकड़ाए जो एक युवक से विवाद कर भाग रहे थे। पान की दुकानों पर पुड़िया का नशा करने वाले युवाओं को भी पकड़ा गया।

You might also like