किसानों का दिल्ली कूच शुरू…
राजधानी के सभी बॉर्डर सील, सड़कों पर कीलें लगाई, कंटेनरों में रेती भरने के अलावा सीमेंट के बैरिकेट्स से सड़कें भरी

नई दिल्ली (ब्यूरो)। केंद्र सरकार के साथ वार्ता विफल होने के बाद किसान एक बार फिर आंदोलन पर आमादा हैं। विभिन्न किसान संगठनों ने आज सुबह दिल्ली कूच प्रारंभ कर दिया है। 10 हजार से अधिक ट्रैक्टरों में किसान रवाना हो चुके हैं। हरियाणा बार्डर पर भी रोकने के प्रयास किए गए हैं। इधर दिल्ली में किसान प्रवेश न कर पाएं इसे लेकर इस बार सरकार ने ज्यादा तैयारी करते हुए दिल्ली आने वाले हर मार्ग को सील कर दिया है। वहीं सड़कों पर ट्रैक्टर गतिरोध हटा न सकें, इसे लेकर सड़कों पर कीलें गाड़ दी गई हैं। कंटेनरों में रेती भरकर आडा कर दिया ताकि ट्रैक्टर से उन्हें हिलाया न जा सके। बड़ी तादाद में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। पिछली बार किसान आंदोलन 6 माह से ज्यादा चला था और 600 से अधिक किसानों की मौत आंदोलन के दौरान हुई थी।
आशंका है कि 10000 से अधिक ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर आज पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान दिल्ली पहुंचेंगे। इसे देखते हुए दिल्ली में हाई अलर्ट हैं। हरियाणा और यूपी से सटी बॉर्डर को सील कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। बता दें, किसानों ने कुछ ऐसा ही प्रदर्शन 2020-21 में किया था। किसान संगठन उन्हीं मुद्दों को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार के साथ पिछले दिनों की बैठक में 2020-21 के हिंसक प्रदर्श के दौरान किसानों पर दर्ज केस वापस लेने समेत कई मांगों पर सहमति बन गई थी, लेकिन एमएसपी की गारंटी देने वाले कानून को लेकर बातचीत अटक गई। केंद्रीय मंत्रियों ने एक कमेटी बनाकर मांगों को हल करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन किसान संगठन इस पर सहमत नहीं हुए। इधर किसान आंदोलन के चलते गुरुग्राम टोल पर सुबह से ही कारों की लंबी कतारें लग चुकी है।

Comments are closed.