प्रशासनिक दृष्टि व जनसामान्य की सुविधा को देखकर कुक्षी को जिला बनाए – सोमेश्वर पाटीदार

निसरपुर, बाग को तहसील टांडा व सिंघाना को ब्लॉक और इनमें नगर परिषद, पुलिस थानों की संभावनाएं है

कुक्षी। मध्यप्रदेश के बड़े जिलों में शुमार धार की बड़ी तहसील कुक्षी को जिला बनाने की मांग बरसो से करते हुए आंदोलनरत है।
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कुक्षी डही के अंतिम छोर से वर्तमान जिला मुख्यालय धार की दूरी लगभग 170 किमी है।
आरएसएस के कार्यों की दृष्टि से जिला कुक्षी को जिला बनाने की मांग हेतु जनसहयोग, समर्थन से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लगातार शासन प्रशासन का ध्यानाकर्षण करवाते आ रहे है।
उक्त विचार “कुक्षी जिला बनाओ आंदोलन” प्रमुख सोमेश्वर पाटीदार “जनादेश सरकार” द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को लिखे पत्र में उल्लेखित है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों मंत्री नागर सिंह चौहान, नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार, क्षेत्रीय विधायक पूर्वमंत्री सुरेंद्र सिंह हनी बघेल को भी क्षेत्रीय मांग को विधानसभा में व मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर सफल प्रयास करने हेतु प्रतिलिपी प्रेषित की है।

पत्र में उल्लेखित है कि, क्षेत्र की जनता ने हस्ताक्षर अभियान, पोस्ट कार्ड अभियान, रैली, साइकल यात्रा, मौन, खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग, 1 वर्ष से अधिक धरना प्रदर्शन, कुक्षी सहित क्षेत्र के विभिन्न नगरों का व्यापार बंद कर व्यापारियों का समर्थन, आमरण अनशन कर चुके और क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों के समर्थन पत्र सहित बिंदूवार जानकारी का मय नजरी नक्शा मांग प्रस्ताव पत्र तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित शासन प्रशासन में बैठे जिम्मेदारों को सौप चुके है।

संभावित कुक्षी जिला 3 विधानसभा क्षेत्र कुक्षी, गंधवानी, मनावर से बनाया जाए। जिसमें 4 तहसीले, 7 ब्लॉक कुक्षी, डही, निसरपुर, बाग, गंधवानी, मनावर, उमरबन होंगे।
कुक्षी जिला बनाने के साथ ही इस क्षेत्र में कई संभावित तहसील, ब्लॉक, पुलिस चौकी व थाना, नगर परिषद की जरूरत के अनुसार संभावनाएं है।
जैसे निसरपुर पूर्व से ही ब्लॉक है जिसे तहसील व चौकी से थाना व नगर परिषद बनाए, बाग भी ब्लॉक है उसे तहसील व नगर परिषद बनाए। यहां टप्पा कार्यालय संचालित है, पूर्ण तहसील बनने से प्रशासनिक सुधार होगा।


“जनादेश सरकार” ने कहा – इसी तरह सिंघाना को ब्लॉक व नगर परिषद बनाए। क्षेत्रफल की दृष्टि से टांडा व सिंघाना को ब्लॉक बनाया जा सकता है। कुक्षी जिला भोगलिक रूप से निमाड़ का हिस्सा है, सांस्कृतिक रूप से बोली भाषा में निमाड़ी बहुल है।
इस तरह प्रशासनिक एवं जन सुविधानुसार नए जिले के रूप में विकसित करने की संभावनाएं है।
जिससे क्षेत्र की विकास की गति बड़ेगी। पूर्व से मध्यप्रदेश शासन द्वारा कुक्षी को जिला बनाने हेतु धार कलेक्टर से जानकारी मांगी गई थी, जिसे प्रेषित कर चुके है। शासन स्तर पर कार्यवाही लंबित है, जिसे गति देकर कुक्षी को जिला बनाने की कृपा करें।

आंदोलन प्रमुख ने विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि, अतिशीघ्र राजनीतिक लाभ हानि से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास हेतु जनहित में कुक्षी को जिला बनाए। हम निर्विकल्प कुक्षी को जिला बनाने हेतु दृढ़ संकल्पित है।

You might also like

Comments are closed.