BJP Indore: क्षेत्र क्रमांक 1: भाजपा की चुनावी महाभारत का अखाड़ा हो गई…

कई दावेदार पर सभी संशय में अब फैसला दिल्ली से होना है

BJP Indore: क्षेत्र क्रमांक 1: भाजपा की चुनावी महाभारत का अखाड़ा हो गई...
BJP Indore: क्षेत्र क्रमांक 1: भाजपा की चुनावी महाभारत का अखाड़ा हो गई…

इंदौर। इस समय क्षेत्र क्रमांक एक में भाजपा नेताओं के बीच जमकर महाभारत शुरू हो गई है। इस क्षेत्र में अब सुदर्शन गुप्ता के समर्थक और उनका विरोध करने वाले अलग-अलग तरह से मैदान में उतर चुके हैं। भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के कांग्रेस के संजय शुक्ला के सामने पिछला चुनाव हारने के बाद वे नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। इस समय उनके खिलाफ क्षेत्र के ही कई नेताओं ने अपने-अपने स्तर पर मोर्चा खोलते हुए शिकायत करना शुरू कर दी है। पिछले दिनों गुजरात से आए विधायक के सामने विरोध करने वाले एक जाजम पर खड़े हो गए थे। अब यह लड़ाई अभी से ही भोपाल में लड़ी जाने की तैयारी हो रही है। पिछले चुनाव में सुदर्शन गुप्ता के एक बयान के कारण ब्राह्मण समाज में उनका बड़ा विरोध हो गया था। हालांकि इस बार नगर निगम के चुनाव में वे अपने पार्षदों को जिताने में सफल रहे। इधर इस क्षेत्र से अब नई आवाज उठ रही है, जिसमें कहा जा रहा है ब्राह्मण के सामने ब्राह्मण उम्मीदवार ही ताकतवर रहेगा। क्षेत्र क्रमांक एक व्यापारिक क्षेत्र है और बड़ी आबादी वैश्य समाज की है।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक किसी समय कैबिनेट मंत्री उषा ठाकुर का हुआ करता था। इसके बाद वे क्षेत्र क्रमांक तीन से उम्मीदवार बनीं और उसके बाद वे महू से चुनाव जीतीं। अब वे वापस इसी क्षेत्र में आना चाहती हैं और इसके लिए उन्होंने दिल्ली में अपनी घर-वापसी का आग्रह भी कर दिया है। हालांकि उन्हें लेकर क्षेत्र के कार्यकर्ता और नेता अब सहमत नहीं हैं। दूसरी ओर सुदर्शन गुप्ता पिछला चुनाव 8163 वोटों से संजय शुक्ला के सामने हारे थे। उनके कार्यकाल में कई विवाद लगातार बने रहे। इसमें यादव समाज का विरोध भी होता रहा, क्योंकि उनके क्षेत्र से पशुओं को हटाने को लेकर कई बार आमने-सामने की स्थिति रही, वहीं पिछले चुनाव में सुदर्शन गुप्ता ने उन्हीं की पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला के खिलाफ दिए बयान में फिजा बदल दी। अब पिछले चार सालों से वे इन सभी विरोध की भरपाई में लगे रहे, परंतु इस दौरान क्षेत्र क्रमांक एक में नए युवा प्रबल दावेदार भी खड़े हो गए। इसमें सबसे ऊपर वैश्य समाज के टीनू जैन का नाम है।

Also Read – Political News: इंदौर के विधायकों को मंत्री योग्य नहीं माना गया

वे पिछली बार भी पूरी दबंगता के साथ अपना टिकट नगर निगम चुनाव में लेकर आए और जीत गए। दूसरी ओर भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ के उद्योगपति योगेश मेहता भी यहां से अपनी दावेदारी को लेकर समीकरण बना रहे हैं। हालांकि संजय शुक्ला के जीतने के बाद यह माना जा रहा है कि इस क्षेत्र में ब्राह्मण के सामने ब्राह्मण उम्मीदवार ही सीट निकाल सकता है और इसे लेकर अब जो नाम पिछले दिनों सर्वे के बाद संगठन स्तर पर भी भोपाल भेजे गए हैं, उसमें दिनेश शुक्ला और मनोज मिश्रा के नाम शामिल हैं। मनोज मिश्रा पूर्व पार्षद भी हैं और उनकी पत्नी अभी पार्षद हैं। उनके शिवराजसिंह चौहान से बेहतर रिश्ते भी बने हुए हैं। इधर, दिनेश शुक्ला भी पार्षद रहने के अलावा संगठन के कई पदों पर रहने के साथ राजनीति का लंबा अनुभव रखते हैं और एक बार वे नगर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे हैं।BJP Indore

इसके अलावा उनकी पत्नी भी पार्षद रही हैं। वे संगठन की ओर से इस क्षेत्र में चुनावी रणनीति बनाने में भी सक्रिय रहे हैं। इधर भाजपा पार्षद कमल वाघेला भी अब इस बहती गंगा में शामिल हो गये है। इस बार सुदर्शन गुप्ता की राह में उनकी दावेदारी आसान नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि वे अभी भी अपनी दावेदारी को सबसे मजबूत मानते हुए चुनावी तैयारियों में लग गए हैं। मध्यप्रदेश मेें कांग्रेस की सरकार से बगावत करके बंगलुरू जाने वाले विधायकों को सुरक्षित और संरक्षित रखने में उनकी अहम भूमिका रही थी। वे केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के खास सिपहसालार भी माने जाते हैं। कुल मिलाकर इस बार क्षेत्र क्रमांक एक भाजपा की राजनीति बड़ा अखाड़ा बन गया है।

 

You might also like